ढ़ाई करोड़ बच्चे खाएंगे डिवर्मिंग की दवा
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री राजेन्द्र राठौड़ ने कहा कि प्रदेश के स्वास्थ्य सूचकाकों को सुधारने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रदेश के 2 करोड़ 47 लाख बच्चों को राष्ट्रीय कृमि उन्मूलन दिवस पर आज कृमि संक्रमण की दवा राज्य की सभी आंगनबाडियों, सरकारी विद्यालयों, निजी विद्यालयों केन्द्रीय विद्यालयों, नवोदय विद्यालयों, मदरसों एवं मांबाडी केन्द्रों के माध्यम से दी जाएगी।
शेष रहे बच्चों को मॉपअप दिवस 15 फरवरी को यह दवा खिलाई जायेगी। चिकित्सा मंत्री ने कहा कि डिवर्मिंग से बच्चों के पेट के कृमि की समस्या का समाधान होने व उन्हें समुचित पोषण मिलने से उनका समुचित शारीरिक और मानसिक विकास हो सकेगा।
राठौड़ ने कहा कि कृमि संक्रमण दुनियाभर में सबसे आम संक्रमण माना जाता है। विश्व स्वास्थ्य संगठन का अनुमान है कि दुनिया की आबादी के 24 प्रतिशत लोग कृमि से संक्रमित हैं। विश्व स्वास्थ्य संगठन ने बच्चों में कृमि संक्रमण के कारण हो रही अस्वस्थता को वर्ष 2020 तक समाप्त करने का ग्लोबल टारगेट निर्धारित किया है।
बच्चों में कृमि संक्रमण नियंत्रण करने के उद्देश्य से राजस्थान में कृमि मुक्ति कार्यक्रम की शुरूआत वर्ष 2012 में की गई थी। वर्ष 2015 में भारत सरकार ने 10 फरवरी के दिन को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस घोषित किया था।