आनासागर बारादरी पर गंदगी करने पर होगा जुर्माना, पहचान पत्र दिखाकर ही कर सकेंगे प्रवेश

Aana Sagar Lake, Ajmer, Ajmer Baradari, अजमेर, ऐतिहासिक एवं पुरातत्व महत्व, आनासागर, बारादरी
अजमेर। ऐतिहासिक एवं पुरातत्व महत्व की आनासागर बारादरी पर सुरक्षा, सफाई एवं इसे पर्यटन की दृष्टि से उभारने के लिए जिला प्रशासन द्वारा कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। आगामी 25 जुलाई से पर्यटकों एवं आमजन के लिए बारादरी पर प्रवेश पहचान पत्र दिखाकर ही हो सकेगा। यह प्रवेश पर्ची के माध्यम से होगा। पर्ची सिर्फ दो घण्टे के लिए मान्य होगी।

प्रतिदिन सुबह 8 से रात 10 बजे तक पर्यटकों का प्रवेश रहेगा। साथ ही बारादरी पर गन्दगी फैलाने, कचरा डालने या पुरामहत्व के स्मारकों या भवनों पर लिखने या उन्हें गन्दा करने वालों पर भी हाथों हाथ जुर्माना लगाया जाएगा। बारादरी पर प्रतिदिन प्रातः घूमने आने वाले माॅर्निंग वाकर्स को सुबह 8 बजे तक इन औपचारिकताओं से छूट रहेगी।

जिला कलेक्टर गौरव गोयल की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट में हुई बैठक में यह निर्णय लिए गए। गोयल ने बताया कि आनासागर झील के किनारे स्थित बारादरी एक संरक्षित एवं ऐतिहासिक स्थान है। अजमेर के पर्यटन विकास में बारादरी का विशेष योगदान है। बारादरी को स्वच्छ, सुन्दर एवं सुरक्षित बनाने के लिए हम सभी को मिलकर प्रयास करने होंगे। इसके लिए बारादरी विकास के लिए विभिन्न निर्णय किए गए हैं।

सुरक्षा जांच के बाद मिलेगा प्रवेश :
बारादरी पर जाने के लिए बजरंगगढ़ एवं ऋषि घाटी सम्पर्क सड़क स्थित प्रवेश द्वारों से प्रवेश मिलेगा। दोनों प्रवेश द्वारों पर सुरक्षा एवं जांच के लिए पुलिस व होमगार्ड के जवान तैनात रहेंगे। यहां कोतवाली थाना द्वारा चैक पोस्ट स्थापित की जाएगी। यहां मैटल डिटेक्टर की सुविधायुक्त दरवाजे एवं उपकरणों से लैस महिला व पुरूष सिपाही रहेंगे जो कि सुरक्षा संबंधी जांच के बाद पर्यटकों को प्रतिदिन सुबह 8 से रात 10 बजे तक प्रवेश देंगे। प्रत्येक पर्यटक को प्रवेश पर एक पास दिया जाएगा जो कि दो घण्टे के लिए वैध होगा। यह पास निःशुल्क रहेगा। निर्धारित अवधि से अधिक समय तक एवं बिना पास बारादरी पर रूकने वालों के खिलाफ नियमानुसार जुर्माने की कार्यवाही होगी जो कि 500 रूपए प्रति व्यक्ति तक हो सकती है। यहां चार सीसीटीवी कैमरे एवं दो बड़ी घड़ियां भी लगाए जाएंगे। जिनका कन्ट्रोल रूम भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग के कार्यालय में रहेगा।

गन्दगी फैलायी तो होगा जुर्माना व कार्यवाही :
जिला प्रशासन ने बारादरी पर किसी भी तरह की खाद्य वस्तु के बेचान व उपयोग पर प्रतिबंध लगा दिया है। बारादरी पर मछलियों को ब्रेड, आटे की गोली, रोटी या अन्य वस्तुएं भी नहीं डाली जा सकेंगी। यहां पानी की बोतल एवं छोटे बच्चों की दूध की बोतल के अलावा अन्य किसी तरह की खाने-पीने की सामग्री नहीं ले जाई जा सकेगी। बारादरी पर भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग, नगर निगम के कर्मचारी, पुलिस एवं होमगार्ड के जवान लगातार घूमते रहेंगे। बारादरी एवं आनासागर झील में किसी भी तरह का कचरा फैलाने या गन्दगी करने पर संबंधित के खिलाफ तुरन्त नियमानुसार जुर्माना किया जाएगा।  भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग द्वारा खामखां के तीन दरवाजे तथा अन्य इमारतों में कोयले, पैन, मार्कर या चाॅक आदि से लिखे गए वाक्यों को साफ करवाया जाएगा। कोई पर्यटक इमारत की सुन्दरता खराब करता पाया गया तो उसके खिलाफ कार्यवाही होगी। बारादरी के पिछले हिस्से में शौचालय का निर्माण भी करवाया जाएगा। एएसआई एवं नगर निगम द्वारा नियमित सफाई भी करवायी जाएगी।

बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर प्रथम किशोर कुमार, अतिरिक्त जिला कलेक्टर द्वितीय अबु सूफियान चौहान, अतिरिक्त जिला कलक्टर शहर अरविंद सेंगवा, पुलिस उप अधीक्षक राजेश मीना सहित भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग, अजमेर विकास प्राधिकरण, नगर निगम एवं अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

इस लेख पर अपने विचार व्यक्त करें...

Related Posts

Rajasthan 8764158651217900818
item