पेयजल प्रोजेक्ट्स भी जा सकते हैं निजी हाथों में

Bisalpur Project, पेयजल प्रोजेक्ट्स, बीसलपुर परियोजना फेज-2, रिसर्जेंट राजस्थान समिट, पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप, पीएचईडी

- रिसर्जेंट राजस्थान के दौरान तलाशे जाएंगे निवेशक

- पीपीपी पर होगा बीसलपुर परियोजना का फेज-2 का कार्य

जयपुर। अगले माह की 19-20 तारीख को आयोजित होने वाली 'रिसर्जेंट राजस्थान समिट' के दौरान पेयजल परियोजनाओं को भी पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) मॉड पर दिया जा सकता है। समिट के दौरान यहां आने वाले विभिन्न निवेशकों को पेयजल परियोजनाओं को पीपीपी पर लेने का भी प्रस्ताव दिया जाएगा।

प्रदेश में निजी भागीदारी से चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं के बाद अब पीएचईडी भी अपनी विभिन्न परियोजना को लेकर पीपीपी मॉड पर कार्य शुरू करने की कवायद में जुट गया है। इसके चलते अब विभाग की कई पेयजल योजनाओं को पीपीपी मॉड पर दिया जा सकता है, जिसकी तैयारियों में विभाग जुट चुका है और रिसर्जेंट राजस्थान समिट में इन तैयारियों को अमलीजामा पहनाया जा सकता है।

जानकारी के अनुसार पैसे की कमी के चलते आर्थिक तंगी से जूझ रहा विभाग अपनी विभिन्न पेयजल परियोजनाओं को निजी कंपनियों को पीपीपी पर देना चाहता है। इसके लिए रिसर्जेंट राजस्थान में जलदाय विभाग पीपीपी पर प्रोजेक्ट लेने वाले निवेशक तलाशेगा। जानकारी के अनुसार जलदाय विभाग ने रिसर्जेट राजस्थान के लिए अब तक 2300 करोड़ रुपए के प्रोजेक्ट तैयार किए हैं।

इसके साथ ही बीसलपुर परियोजना फेज-2 का कार्य भी पीपीपी मॉड पर देने की तैयारी की जा रही है और स भवतया इसके लिए रिसर्जेट राजस्थान में आने वाले निवेशकों में से निवेशक तलाशे जाएंगे।

इन योजनाओं पर हो सकता है कार्य

जयपुर की सात पंचायत समितियों को बीसलपुर का पानी पहुंचाने का प्रोजेक्ट भी पीपीपी पर देने की तैयारी की जा रही है। दौसा जिले को बनास का पानी पहुंचाने का प्रोजेक्ट भी निजी हाथों में दिया जा सकता है। इसके साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में चल रही पेयजल की विभिन्न परियोजनाओं के लिए भी रिसर्जेंट राजस्थान में निवेशक तलाशे जाएंगे, जो पेयजल प्रोजेक्ट को पीपीपी पर चलाने के लिए पैसा लगा सकें।

इस लेख पर अपने विचार व्यक्त करें...

Related Posts

Rajasthan 2109923774804748460
item