नौ मंत्रियो को शपथ लेने के साथ ही विभाग आवंटित

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री डा.रमन सिंह के मंत्रिमंडल के नौ सदस्यो को आज पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई तथा इसके साथ ही विभाग भी ...

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री डा.रमन सिंह के मंत्रिमंडल के नौ सदस्यो को आज पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई तथा इसके साथ ही विभाग भी आवंटित कर दिए गए। राज्यपाल शेखरदत्त ने राजभवन में आयोजित समारोह में अजय चन्द्राकर, अमर अग्रवाल, बृजमोहन अग्रवाल, केदार कश्यप, प्रेमप्रकाश पाण्डेय, पुन्नूलाल मोहले, राजेश मूणत, रामसेवक पैकरा एवं रमशीला साहू को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ के बाद ही मंत्रियों को विभाग भी आवंटित कर दिए गए।

बृजमोहन अग्रवाल, अमर अग्रवाल, राजेश मूणत, पुन्नूलाल मोहले एवं केदार कश्यप रमन के निवर्तमान मंत्रिमंडल के भी सदस्य थे जबकि अजय चन्द्राकर रमन मंत्रिमंडल में मंत्री रह चुके हैं। प्रेमप्रकाश पांडेय, राम सेवक पैकरा एवं रमशीला साहू को पहली बार मंत्रिमंडल में शामिल किया गया है।

मुख्यमंत्री अपने दायित्वों के अलावा सामान्य प्रशासन योजना आर्थिकी एवं सांख्यिकी विमानन खनिज ऊर्जा वाणिज्य एवं उद्योग नगरीय प्रशासन खेल एवं वन विभाग का दायित्व संभालेंगे। डा. सिंह इसके साथ ही उन सभी विभागों का दायित्व संभालेगे जोकि किसी मंत्री को आवंटित नही है।


> अजय चन्द्राकर को पंचायत एवं ग्रामीण विकास संस्कृति पर्यटन एवं संसदीय कार्य विभाग का दायित्व सौपा गया है। चन्द्राकर इससे पहले भी 2003 में पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा संसदीय कार्य विभाग का दायित्व संभाल चुके है। 

> अमर अग्रवाल को स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण वाणिज्यक कर तथा श्रम विभाग का दायित्व सौंपा गया है। अग्रवाल निवर्तमान सरकार में भी स्वास्थ्य मंत्री थे। 

> बृजमोहन अग्रवाल को कृषि पशुपालन जल संसाधन आयाकट धार्मिक न्याय एवं धर्मस्व विभाग सौंपा गया है। अग्रवाल निर्वतमान मंत्रिमंडल के भी सदस्य थे। धार्मिक न्याय एवं धर्मस्व विभाग को छोड उनके सभी विभाग इस बार बदल दिए गए है।

> केदार कश्यप को इस बार भी आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास, पिछडा वर्ग अल्पसंख्यक विकास तथा स्कूल शिक्षा विभाग का मंत्री बनाया गया है। 

> प्रेमप्रकाश पांडेय को राजस्व एवं आपदा प्रबन्धन पुर्नवास उच्च शिक्षा तकनीकी शिक्षा विज्ञान और प्रौद्योगिकी विभाग का दायित्व सौंपा गया है। वह पहली बार मंत्री बनाए गए है। 

> पुन्नूलाल मोहले को खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं संरक्षण ग्रामोद्योग तथा सहकारिता विभाग का मंत्री बनाया गया है। वह निवर्तमान मंत्रिमंडल में भी खाद्य मंत्री का दायित्व संभाल चुके है। 

> राजेश मूणत को लोक निर्माण आवास एवं पर्यावरण तथा परिवहन विभाग का मंत्री बनाया गया है। वह निर्वतमान मंत्रिमंडल में भी आवास एवं पर्यावरण तथा परिवहन मंत्री का दायित्व संभाल चुके है। वह 2003 से 08 तक लोक निर्माण मंत्री भी रह चुके है।

> रामसेवक पैकरा को गृह जेल एवं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग का मंत्री बनाया गया है। पैकरा छत्तीसगढ प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष है और पहली बार वह मंत्री बने है। सरगुजा क्षेत्र से मंत्री बनने वाले एक मात्र विधायक है।

> रमशीला साहू को महिला एवं बाल विकास तथा समाजकल्याण विभाग का मंत्री बनाया गया है। साहू पहली बार मंत्री बनी है। वह 2003 में भी विधायक रह चुकी है, उन्हे 2008 में भाजपा ने टिकट नही दिया था।


राज्य में आज नौ मंत्रियों को शपथ दिलाए जाने के बाद मुख्यमंत्री समेत 10 मंत्री हो गए है। प्रावधानों के अनुसार राज्य में अधिकतम 13 मंत्री बनाए जा सकते है। इस प्रकार अभी मंत्रिमंडल में तीन स्थान रिकत है। राज्य में निवर्तमान मंत्रिमंडल के पांच मंत्री चुनाव हार गए थे, जबकि विक्रम उसेन्डी एवं दयालदास बघेल को इस बार मंत्रिमंडल में जगह नही मिल पाई है। इस बार मंत्रिमंडल में आदिवासी वर्ग के दो तथा अनुसूचित जातिवर्ग के एक मंत्री को ही जगह मिल पाई है, जबकि निवर्तमान मंत्रिमंडल में आदिवासी वर्ग के तीन तथा अनुसूचित जाति वर्ग के दो लोगो को मंत्रिमंडल में जगह मिली थी।

आदिवासी क्षेत्रों में इस बार हालांकि भाजपा को पर्याप्त सफलता नही मिली जबकि अनुसूचित जाति की अधिकांश सीटों पर उसके उम्मीदवार चुने गए है। मुख्यमंत्री डा. सिंह ने कहा है कि मंत्रिमंडल के रिक्त स्थानों को लोकसभा चुनावों के बाद भरा जायेगा। अभी संसदीय सचिवों को भी शपथ दिलाई जानी है पर इस बारे में अभी कोई घोषणा नही हुई है।

इस लेख पर अपने विचार व्यक्त करें...

Related Posts

India 4563754263373483134

Watch in Video

Comments

Popular of the week




item