सरकार बनाने के लिए केजरीवाल ने रखी शर्तें
नई दिल्ली। सत्ता के मैदान में उतरी आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने एक नया राजनीतिक दांव खेला है। दिल्ली में सरकार बनाने के लिए...
https://khabarrn1.blogspot.com/2013/12/kejriwal-demands-for-make-government-in-delhi.html
नई दिल्ली। सत्ता के मैदान में उतरी आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने एक नया राजनीतिक दांव खेला है। दिल्ली में सरकार बनाने के लिए आम आदमी पार्टी (आप) के नेता अरविंद केजरीवाल ने मुश्किल शर्तें रखकर गेंद कांग्रेस और बीजेपी के पाले में डाल दी है।दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद किसी भी पार्टी को पूर्ण बहुमत नहीं मिलने और बीजेपी और फिर 'AAP' के द्वारा विपक्ष में बैठने की बात के बाद से दिल्ली में राष्ट्रपति शासन लगना लगभग तय माना जा रहा था, लेकिन जिस तरह से आम आदमी पार्टी ने अपना रुख पलटा है, इसे देखकर यही संभावना लगने लगी है कि दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार बन सकती है।
उप राज्यपाल नजीब जंग से मुलाकात के दौरान केजरीवाल ने उनसे सरकार बनाने के लिए 10 दिन का वक्त मांगा है। राज्यपाल से मुलाकात के लिए गए केजरीवाल ने बताया कि उन्होंने सोनिया गांधी और राजनाथ सिंह को एक चिट्ठी भेजी है।
मुलाकात के बाद केजरीवाल ने कहा कि मैंने दोनों राष्ट्रीय पार्टियों कांग्रेस और बीजेपी के अध्यक्षों से चिट्ठी लिखकर 17-18 मुद्दों पर उनकी राय मांगी है। उन्होंने कहा कि इन मुद्दों पर दोनों पार्टियों का जवाब मिलने के बाद जनता से राय लेंगे और फिर जनता कहेगी तो सरकार बनाएंगे।
केजरीवाल ने बताया कि चिट्ठी में कहा गया है कि राजनीतिक दल बिना शर्त आम आदमी पार्टी को समर्थन देने के दावे कर रहे हैं, लेकिन राजनीति में बिना शर्त समर्थन दिया नहीं जाता। ऐसे में सोनिया व राजनाथ ये साफ करें कि क्या वो आम आदमी पार्टी के मुद्दों को समर्थन दे रहे हैं।



