बारिश की मार, डीजल 150 तो पेट्रोल पहुंचा 300 के पार
दैनिक जरूरत की कई मूलभूत वस्तुओं की कीमतों में बढ़ोतरी के विरोध में शुक्रवार को सैकड़ों लोगों ने सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन किया। बारिश की वजह से असम-त्रिपुरा नेशनल हाइवे बाधित हो गया, जिससे कीमतों में बढ़ोतरी हो गई। हाइवे पिछले दो महीनों से क्षतिग्रस्त था और लगातार हो रही बारिश के कारण मरम्मत कार्य आगे नहीं बढ़ पा रहा है। इसके कारण लोगों को इस तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। खराब होने वाले सामान से लदे ट्रक रोड पर फंसे हुए हैं।
लगातार बिगड़ते हालात के बाद अगरतला में लोग प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रदर्शन के दौरान कुछ लोगों ने विरोध में टायर भी जलाए। राज्य की विपक्षी दल तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ने भी विरोध करने वालों का समर्थन किया है। वहीं, पुलिस ने हालात काबू में करने के लिए 50 गिरफ्तारियां की हैं। बसों के लिए फ्यूल न होने के कारण कई स्कूलों ने तीन दिन की छुट्टी घोषित कर दी है। स्थिति से निपटने और फ्यूल के लिए सरकार ने प्रदेश में ऑड-ईवन नियम लागू कर दिया है।
मंत्री भानू लाल शाह का कहना है कि, स्थिति में जल्द सुधार कर लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि 180 पेट्रोल के टैंकर और 15 डीजल के टैंकर त्रिपुरा आए हैं। हमने इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन से रोजाना 100 टैंकर भेजने के लिए कहा है। शाह ने इसके लिए केंद्र की बीजेपी सरकार को दोषी ठहराया। वहीं, स्थिति पर नियंत्रण नहीं कर पाने के लिए बीजेपी ने मुख्यमंत्री माणिक सरकार से इस्तीफा मांगा है।
Agartala | Tripura | diesel | gasoline | Petrol | inflation | heavy rain | अगरतला | त्रिपुरा | डीजल | पेट्रोल | महंगाई | भारी बारिश