योग को किसी धर्म से न जोड़ें, यह हमें अपने आप से जोड़ता है : पीएम मोदी
भारत में 1 लाख स्थानों पर सामूहिक योग कार्यक्रम हो रहे हैं। वहीं दुनियाभर के 140 से ज्यादा देशों में भी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जा रहा है। चंडीगढ़ के कैपिटल कॉम्प्लेक्स में आयोजित अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मुख्य कार्यक्रम में शामिल हुए प्रधानमंत्री ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि योग को धर्म से ना जोड़ें।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि यह जीरो बजट वाला इंश्योरेंस है मोबाइल की तरह इसे भी अपनाएं। इसके अलावा पीएम मोदी ने अगले वर्ष से योग दिवस पर दो पुरस्कार दिए जाने की घोषणा की। मोदी ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय स्तर पर योग के विकास व विस्तार के लिए एक-एक पुरस्कार दिए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि योग भारत की शान है। भारत सरकार योग के प्रसार-प्रचार के लिए जुटी है। योग काे देश और विश्वभर में योग को पहुंचाने के लिए काम किया जा रहा है। पीएम मोदी सुबह करीब 6 बजकर 38 मिनिट पर योग कार्यक्रम में पहुंचे। उनके साथ राज्यपाल कप्तान सिंह सोलंकी, पंजाब के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल, हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल भी थे।
प्रधानमंत्री ने पहले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर लोगों को संबोधित किया और इसके बाद योग कार्यक्रम शुरू हुआ। उन्होंने कहा कि योग हमें अपने आप से जोड़ता है। योग हमें आर्थिक, धार्मिक व सामाजिक समृद्धि देता है। इसलिए सभी लोग अपने आप को योग से जोड़ें। उन्होंने योग के विकास और विस्तार के लिए काम करने वाले लोगों को धन्यवाद दिया।
पीएम ने कहा कि योग हमारे पूर्वजों की विरासत और योग जीरो बजट से हेल्थ इंश्योरेंस देता है। जैसे अब मोबाइल फोन जिंदगी का एक अंग बन गए हैं, वैसे ही योग को भी अपनी जिंदगी का अंग बनाइए।
मोदी ने कहा, अंतरराष्ट्रीय योग दिवस एक जन आंदोलन बन गया है, जैसा दुनिया में कोई और नहीं है। संयुक्त राष्ट्र ने पिछले साल 21 जून को अंतरराट्रीय योग दिवस घोषित किया था। योग कोई धार्मिक गतिविधि नहीं है। यह मन को काबू करता है और एक स्वस्थ शरीर को बरकरार रखता है। उन्होंने कहा कि योग ने लोगों की एक अनुशासित जिंदगी जीने में मदद की है।
योग कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री लोगों के बीच पहुंचे और योग कर रहे लोगों को प्रोत्साहित किया। वह दिव्यांगों, आम लोगों और बीएसएफ के जवानों से मिले। प्रधानमंत्री को अपने पास देखकर लोगों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। कई लोगों ने उनके साथ सेल्फी भी ली।