भावुक मन के साथ पी. चिदंबरम ने ली विदाई

नई दिल्ली। यूपीए सरकार में वित्त मंत्री के पद पर आसीन पी. चिदंबरम ने भावुक मन के साथ आज वित्त मंत्रालय  को अलविदा कह दिया। इस दौरान उन्हो...

नई दिल्ली। यूपीए सरकार में वित्त मंत्री के पद पर आसीन पी. चिदंबरम ने भावुक मन के साथ आज वित्त मंत्रालय  को अलविदा कह दिया। इस दौरान उन्होंने सार्वजनिक जीवन में सक्रिय रहने का वायदा किया। चिदंबरम ने मंत्रालय के सचिवों और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ विदाई संबोधन में अर्थव्यवस्था के समक्ष खडी चुनौतियों का जिक्र किया।

उल्लेखनीय है कि तीन बार वित्त मंत्रालय का काम संभाल चुके 68 वर्षीय चिदंबरम ने नौ आम बजट पेश किये हैं। उन्होंने कहा कि वह सार्वजनिक जीवन में पहले से ज्यादा सक्रिय रहेंगे। पूर्व प्रधानमंत्री मोरारजी देसाई के 10 बजट के रिकार्ड के बाद सबसे अधिक बजट पेश करने का गौरव चिदम्बरम को ही प्राप्त है।

चिदंबरम ने कहा, वर्ष 1966 से मैं हर दिन 16 घंटे काम कर रहा हूं और मैं ऐसा करता रहूंगा, आप मुझे अब सार्वजनिक जीवन में पहले से अधिक सक्रिय देखेंगे। चिदंबरम ने इस बार लोकसभा चुनाव नहीं लड़ा है। 16वीं लोकसभा चुनाव की मतगणना कल होगी। इससे पहले जारी एग्जिट पोल में भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के सरकार बनाने की उम्मीद जताई गई है।

नार्थ ब्लॉक स्थित वित्त मंत्रालय में आयोजित विदाई समारोह में उपस्थित एक अधिकारी जो कि चिदंबरम के साथ काफी लंबे समय से काम करते रहे हैं, ने कहा, समारोह में चिदंबरम काफी भावुक नजर आये। इस तरह भावुक होना उनके स्वभाव के अनुरुप नहीं था।

मनमोहन सिंह सरकार के पहले कार्यकाल के आखिरी दौर में गृह मंत्री का कामकाज संभालने के बाद अगस्त 2012 में वित्त मंत्रालय में लौटे चिदंबरम ने सुस्त पडती अर्थव्यवस्था को वापस पटरी पर लाने के लिये कड़ी मशक्कत की। उन्होंने चालू खाते का घाटा और राजकोषीय घाटा कम किया। सोने के आयात पर अंकुश लगाया और निवेशकों का विश्वास लौटाने के लिये देश विदेश में बैठकें की।


सभी अपडेट के लिए हमें Facebook और Twitter पर फ़ॉलो करें

 

इस लेख पर अपने विचार व्यक्त करें...

Related Posts

India 5291634063198773801
item