मुख्यमंत्री राजे ने पेश किया 'राजस्थान विजन-2020'

जयपुर। मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने राजस्थान को देश का अग्रणी राज्य बनाने के लिए टीम राजस्थान को जुटकर कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंन...

जयपुर। मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने राजस्थान को देश का अग्रणी राज्य बनाने के लिए टीम राजस्थान को जुटकर कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने 'राजस्थान विजन-2020' प्रस्तुत करते हुए कहा कि राजस्थान हमेशा से ही गर्व का पर्याय रहा है, लेकिन हम गरीबी, पिछड़ेपन, बेरोजगारी और युवाओं के अधूरे सपनों को पूरा करने पर ही अपने आपको सही मायने में गौरवान्वित महसूस करेंगे।

उन्होंने कहा कि आज का युवा कोई वादा नहीं, बल्कि नौकरी चाहता है। ऐसे में हमने 15 लाख युवाओं को रोजगार देने की घोषणा की है। इसके लिए उनको बेहतर शिक्षा एवं व्यवसायिक प्रशिक्षण देकर उनका कौशल विकास करेंगे, जिससे कि उन्हें नौकरी के बेहतर अवसर उपलब्ध हो सकें।

राजे ने यह बात सोमवार को मुख्यमंत्री कार्यालय के सभागार में राज्य मंत्रिमण्डल के सभी सदस्यों, मुख्य सचिव, सभी अतिरिक्त मुख्य सचिवों, विभागों के प्रमुख शासन सचिवों, शासन सचिवों तथा विभागाध्यक्षों के समक्ष राज्य सरकार का दृष्टिकोण प्रस्तुत करते हुए कही। उन्होंने कहा कि हमारा चुनाव घोषणा-पत्र अब राज्य सरकार का नीति-पत्र बन गया है।

उन्होंने निर्देश दिये कि अधिकारी घोषणा-पत्र का विस्तृत अध्ययन करें और तमाम घोषणाओं को निश्चित समयावधि में पूरी करने के लिये आज से ही जुट जायें, क्योंकि हमारी सरकार का मुख्य उद्देश्य जनता से किये गये वायदों को पूरा करना है।

उन्होंने विजन-2020 में शिक्षा, सड़क विकास, आधारभूत संरचना के सुदृढ़ीकरण, स्वच्छ पेयजल, बिजली, कृषि एवं पशुपालन, आर्थिक क्षेत्र में गतिविधियों का सफल संचालन, निवेश को बढ़ावा देने के साथ ही विकास दर को आगे बढ़ाने, युवाओं को रोजगार सुलभ करवाने के लिये उन्हें तकनीकी और व्यावसायिक शिक्षा देने की आवश्यकता पर जोर दिया।

साथ ही, राज्य में साक्षरता वृद्घि के साथ-साथ गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुलभ कराने पर बल दिया। श्रीमती राजे ने राज्य के चहुंमुखी विकास के लिये अपने इस दृष्टिकोण को रेखांकित करते हुए सभी विभागाध्यक्षों को इसे अपने-अपने विभाग के प्रस्तुतीकरण में शामिल करने के निर्देश भी दिये।

(सभी अपडेट के लिए हमें Facebook और Twitter पर फ़ॉलो करें)

 

इस लेख पर अपने विचार व्यक्त करें...

Related Posts

Rajasthan 2125093562056680481
item