मिशन 2014 के लिए मोदी ने दिया फॉर्मूला
नई दिल्ली। भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार और गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि पार्टी को लोकसभा चुनावों के लिहाज से उन...
भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों, पार्टी के केंद्रीय पदाधिकारियों और प्रदेश अध्यक्षों की बैठक को संबोधित करते हुए मोदी ने सरकार बनाने के लिए कुछ रोचक आंकड़े साझा किए। मोदी ने बैठक में कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव में भाजपा मिशन 272 प्लस को हासिल कर सकती है।
उन्होंने कहा कि हाल के विधानसभा चुनावों के नतीजे न केवल इस बात का प्रमाण हैं बल्कि उन्होंने इस बात पर मुहर भी लगा दी है। 'मोदी फॉर पीएम' के नए नारे के साथ भाजपा ने अपने मिशन 2014 का रोडमैप तैयार कर लिया है। आम चुनाव में अब केवल चार महीने बाकी हैं और पार्टी ने 60 दिन तैयारी के और 60 दिन प्रचार के लिए तय किए हैं।
पार्टी ने जनसंघ की परंपरा को पुनर्जीवित करते हुए देश भर में दस करोड़ घरों तक जाकर एक वोट और एक नोट (दस रुपए से लेकर एक हजार रुपए तक) के जरिए चुनावी चंदा जमा करने का फैसला भी किया है। भाजपा ने मिशन 2014 के लिए चुनावी रणनीति को अंतिम रूप दे दिया है।
दो दौर में हुए चुनावी मंथन में पहले भाजपा के केंद्रीय संसदीय बोर्ड ने मुख्यमंत्रियों के साथ रणनीति तैयार की और देश भर के संगठन प्रमुखों व चुनाव अभियान से जुड़ी समूची टीम के साथ उस पर अमल का खाका भी खींच दिया।