आसाराम का बेटा नारायण साईं गिरफ्तार
चंडीगढ़। 58 दिनों तक पुलिस को छकाने के बाद दुष्कर्म का आरोपी नारायण साईं आखिरकार आज पुलिस के हत्थे चढ़ गया। नारायण को पुलिस ने दिल्ली हर...
नारायण को पुलिस ने दिल्ली हरियाणा सीमा से गिरफ्तार कर लिया है, जिस समय नारायण को गिरफ्तार किया उस वक्त वह वेष बदला हुआ था और उसने सिर पर पगड़ी बांधी हुई थी।
सूत्रों के अनुसार, दिल्ली पुलिस और सूरत पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में नारायण साईं को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उसके साथी हनुमान समेत तीन और लोगों को भी गिरफ्तार किया है। कुरुक्षेत्र के पास पीपली में गिरफ्तारी के समय नारायण साईं ने जींस, टी-शर्ट, जैकेट और नारंगी रंग की पगड़ी पहनी हुई थी। नारायण को एक यूपी नम्बर की एक गाडी UP15 BH 0033 से पकड़ा गया, जो एक वीआईपी नंबर है। यह कार किसकी है इसका पता यूपी आरटीओ से लगाया जाएगा।
नारायण साईं समेत पांचों को दिल्ली लाया गया है। दिल्ली पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है। दोपहर तीन बजे सभी को रोहिणी कोर्ट में पेश किया जाएगा। सूरत पुलिस की सूचना पर दिल्ली पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया। फिलहाल नारायण को एक अस्पताल में मेडिकल चैक-अप करवाया जा रहा है और इसके बाद उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा।
सूरत की दो युवतियों के दुष्कर्म के आरोप लगाने के बाद से ही नारायण साईं फरार था। पुलिस 58 दिनों से उसकी तलाश में थी। उसकी गिरफ्तारी के लिए जगह-जगह पोस्टर लगाए गए थे।
सूरत पुलिस ने उसके बारे में जानकारी देने वाले को इनाम देने की घोषणा की हुई थी। नारायण साईं के पिता आसाराम भी एक नाबालिग से यौन उत्पीड़न के आरोप में जोधपुर जेल में बंद हैं।