अच्छे श्रावक बनकर करेंगे कार्य : कटारिया

अजमेर । प्रदेश के गृहमंत्री गुलाबचंद कटारिया ने मंगलवार को छतरी योजना स्थित विद्यासागर तपोवन में प्रमाण सागर महाराज के सानिध्य में चल रहे...

अजमेर । प्रदेश के गृहमंत्री गुलाबचंद कटारिया ने मंगलवार को छतरी योजना स्थित विद्यासागर तपोवन में प्रमाण सागर महाराज के सानिध्य में चल रहे श्रावक संस्कार शिविर में भाग लिया। उन्होंने कहा कि वे एक अच्छा श्रावक बनकर राजनीति में बेहतरीन कार्य करने का प्रयास करेंगे।


कटारिया ने कहा कि प्रमाणसागर महाराज द्वारा दान के विषय में दिखाए गए मार्ग पर चलने का प्रयास करूंगा। भारतीय संस्कृति , माता पिता एवं गुरूजनों के द्वारा तय किए गए मापदण्डों के अनुसार ही राजनीति के क्षेत्र में कार्य करूंगा। महापुरूषों द्वारा देश और समाज की भलाई के लिए किए गए कार्यों का अनुसरण हम सभी को करना चाहिए। इससे हमें ईमानदारी एवं कर्तव्य निष्ठा के साथ कार्य करने के लिए संबल मिलता है। कटारिया ने प्रमाणसागर महाराज के साथ उनके कक्ष में वार्ता भी की।


श्रावक संस्कार शिविर में प्रमाणसागर महाराज ने कटारिया को आर्शीवाद प्रदान करते हुए कहा कि यह गृहमंत्री का धर्म और संस्कृति से जुड़ाव है कि कार्यक्रम में आए। जनप्रतिनिधि के रूप में उनकी सेवाओं से देश आगे बढ़ेगा और खुशहाल बनेगा। जीवन को राजनीतिक प्रदूषण से मुक्त रखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि जिस तत्परता से धन कमाया जाता है। उसी तत्परता के साथ उसे संस्कृति की रक्षा के लिए दान कर देना चाहिए। दान के द्वारा किसी जीव को तात्कालिक लाभ देने के स्थान पर दृष्टि और सोच बदलने के लिए सम्यक दर्शन प्रदान करना उत्तम होता है। मन्दिर की पूजा में विलम्ब किया जा सकता है लेकिन पीड़ित की सहायता के लिए तुरन्त तैयार रहना चाहिए।


उन्होंने कहा कि हमारी पहचान हमारी संस्कृति से है। उसकी रक्षा करना समस्त भारतीयों का दायित्व है। भारतीय संस्कृति को अनवरत रखने में दान का बहुत महत्व है। दान विनम्रता, उदारता एवं तत्परता के साथ किया जाना चाहिए। भारतीय संस्कृति दान का मान करने के स्थान पर दानी का सम्मान करने का संदेश प्रदान करती है।


महिला एंव बाल विकास मंत्री अनिता भदेल ने कहा कि महाराज के द्वारा बतायी गई दान की महिमा को जीवन में उतारने से वह व्यक्ति समाज के लिए प्रेरणा बन जाता है। प्रो. बी.पी.सारस्वत ने कहा कि प्रवचन के कारण व्यक्तिगत जीवन श्रेष्ठ हो जाता है और व्यक्तित्व की कमियां क्षीण होने से जीवन की गुणवत्ता में वृद्धि हो जाती है।


इस अवसर पर पुलिस महानिरीक्षक मालिनी अग्रवाल, जिला कलेक्टर गौरव गोयल, पुलिस अधीक्षक डाॅ. नितीनदीप ब्लग्गन तथा  अरविंद यादव एवं धर्मेश जैन सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं भक्तगण मौजूद थे।

इस लेख पर अपने विचार व्यक्त करें...

Related Posts

Rajasthan 6364982353906697711

Watch in Video

Comments

item