गृह मंत्री गुलाबचंद कटारिया ने पूर्व पीएम मनमोहन सिंह को कहा 'Sa**', फेसबुक पर मांगी माफी

Gulab Chand Kataria, Manmohan Singh, Churu, Narendra Modi, गृह मंत्री गुलाबचंद कटारिया, पूर्व पीएम, मनमोहन सिंह, कांग्रेस
जयपुर। राजस्थान सरकार में गृह मंत्री गुलाबचंद कटारिया ने रविवार को एक विवादित बयान देकर राजनीतिक विरोध को हवा दे दी है। हालांकि कटारिया ने बाद में इस मामले में माफी भी मांग ली है, लेकिन कांग्रेस महज माफी मांगे जाने से संतुष्ट नहीं है। कांग्रेस का कहना है कि पूर्व प्रधानमंत्री के बारे में इस प्रकार की बात कहने से कटारिया का बौद्धिक दिवालियापन दिखाई देता है, इस मामले में कटारिया को अपना इस्तीफा देना चाहिए।

गौरतलब है कि गृह मंत्री गुलाबचंद कटारिया ने कल चूरू में एक कार्यक्रम के दौरान पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह पर हमला बोलते हुए उनके बारे में आपत्तिजनक शब्द का इस्तेमाल किया था। इसे लेकर कांग्रेस की ओर से जताए जा रहे विरोध के बाद हालांकि उन्होंने सोशल साइट पर माफी भी मांग ली है। लेकिन कांग्रेस सिर्फ माफी से संतुष्ट नहीं है और अब कांग्रेस की ओर से कटारिया के इस्तीफे की मांग की जा रही है।

कांग्रेस का कहना है कि कटारिया भाजपा सरकार में नंबर दो कि हैसियत रखते हैं और काफी वरिष्ठ नेता है, उनके द्वारा पूर्व प्रधानमंत्री के बारे में इस प्रकार की अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया जाना उनके बौद्धि​क दिवालियापन को दर्शाता है। इस बात को लेकर उनकी ओर से महज माफी मांगा जाना काफी नहीं है, उन्हें अपना इस्तीफा देना चाहिए। अगर वे ऐसा नहीं करते हैं तो कांग्रेस सड़कों पर उतरकर उनके खिलाफ प्रदर्शन करेगी।
क्या कहा था कटारिया ने
उल्लेखनीय है कि गृह मंत्री गुलाबचंद कटारिया ने रविवार को चूरू में आयोजित भाजपा कार्यकर्ताओं की सभा को सम्बोधित करते हुए कहा था कि, 'शायद आपने इस बात को महसूस नहीं किया हो कि, देश का प्रधानमंत्री पहले मनमोहन सिंह जब अमेरिका उतरता था, तो 'सा..' को रिसीव करने के लिए ऐरा—गेरा नत्थूखेरा मंत्री जाकर के एयरपोर्ट से लेकर आता था। लेकिन अब हिन्दुस्तान का प्रधानमंत्री जब जाता है ना, तो ओबामा स्वयं उठकर जाता है उसकी अगुवानी करने के लिए। देश का मान और गौरव बढ़ाने का काम सिर्फ नरेन्द्र मोदी ही कर सकते हैं।'

फेसबुक पर जताया खेद

कटारिया की ओर से कही गई इस बात को लेकर हल्ला मचने के बाद कांग्रेस ने काफी विरोध जताया और इसे देखते हुए गृह मंत्री कटारिया ने अपने बयान को लेकर सोशल साइट फेसबुक के अपने पेज पर खेद जताया है। उन्होंने एक पोस्ट में लिखा कि, 'देश के पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह जी के खिलाफ कुछ दुर्भावना पूर्वक भाषण में नहीं कहा है। किसी को बुरा लगा हो तो खेद प्रकट करता हूं।'

इस लेख पर अपने विचार व्यक्त करें...

Related Posts

India 1824444304197491859
item