केजरीवाल की रैली में हंगामा, राजस्थान के किसान ने फांसी लगाकर की खुदकुशी


नई दिल्ली। दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल की किसान रैली के दौरान एक किसान ने खुदकुशी कर ली है। इस किसान ने पेड़ से फांसी लगाकर अपनी जान देने की कोशिश की थी जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अस्पताल में उसकी मौत हो गई। गजेंद्र नाम का ये किसान दौसा जिले के नांगल झामरवाड़ा गांव का रहने वाला था।

आज जंतर मंतर पर लैंड बिल के खिलाफ दिल्ली में आप की किसान रैली चल रही थी। इस रैली में सीएम केजरीवाल समेत आप के कई दिग्गज नेता मौजूद थे। इसी दौरान गजेंद्र ने गमछे से फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। इसके बाद रैली स्थल में हंगामा मच गया।

किसान गजेंद्र राजस्थान का रहने वाला था और खासतौर पर केजरीवाल की रैली में शामिल होने आया था। वह रैली के दौरान जंतर-मंतर के पास मौजूद बड़े से पेड़ पर चढ़ गया और अपने गमछे से फांसी लगाने लगा। आसपास मौजूद लोगों ने उसे देखा और उसे रोकने की कोशिश की गई। कुछ लोग पेड़ पर चढ़े और उसका फंदा हटाकर नीचे उतारा। इसके बाद पुलिस आकर उसे अपनी गाड़ी में लेकर गई। इस बीच रैली में भाषणों का दौर चलता रहा। कुछ देर बाद खबर आई की किसान की मौत हो चुकी है।

गजेंद्र ने एक सुसाइड नोट भी छोड़ा है, जिसमें लिखा है कि मैं राजस्थान का रहनेवाला एक किसान हूं और मेरे तीन बच्चे हैं। बारिश से मेरी पूरी फसल बर्बाद हो गई है। मेरे पिता ने मुझे घर से बाहर निकाल दिया है। जय जवान, जय किसान।

केजरीवाल ने आरोप लगाया कि हमने किसान को फांसी लगाते हुए देख लिया था और दिल्ली पुलिस से उसे बचाने के लिए कहा, लेकिन पुलिस ने हमारी नहीं सुनी। वहीं कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने कहा कि हम सबके लिए ये सदमे वाली खबर है। पब्लिक स्पेस पर किसान जान दे रहे हैं। हमारे पदाधिकारी दौसा पहुंच गये हैं।

सवाल एक गजेंद्र का नही है, देश की राजधानी में किसान पेड़ से लटककर जान दे रहे हैं। हम सबको आत्मचिंतन करना चाहिए। वास्तविकता का सामना करना पड़ेगा। रैली चलती रही, किसी ने बचाने की कोशिश नही की। कैमरे में तस्वीरें कैद हुईं। मैं इस मुद्दे पर कोई राजनीतिक बात नही करना चाहता।

गौरतलब है कि पिछले कई दिनों से देशभर में किसानों की हालत बेहद खस्ताहाल है। मौसम ने किसानों की कमर तोड़कर रख दी है। देश भर के किसान खुदकुशी कर रहे हैं। आज इस किसान ने केजरीवाल की रैली में ही अपनी जान दे दी।

इस लेख पर अपने विचार व्यक्त करें...

Related Posts

India 4335157453194047681

Watch in Video

Comments

item