सिर्फ एक क्लिक से आपकी सीट तक पहुंचेगा खाना

नई दिल्ली।  ट्रेन में आप अपनी सीट पर ही अपने मनपसंद फूड चेन के जायके का मजा ले सकते हैं। इसके लिए आपको अपने पसंदीदा फूड चेन के स्टॉल या वेबसाइट पर भी जाने की जरूरत नहीं है। सिर्फ माउस के एक क्लिक से आपको लजीज व्यंजन का मजा मिल जाएगा।

जी हां, ट्रेनों में पैंट्री कार नहीं है तो अब आपको निराश होने की जरूरत नहीं है। इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉर्पोरेशन (आईआरसीटीसी) ने पूरे देश में ई-कैटरिंग सुविधा की शुरूआत कर दी है। इस सुविधा के तहत आप अपनी सीट पर अपने पसंदीदा फूड चेन के मनपसंद जायके का स्वाद ले सकते हैं। सुविधा के शुरू होने पर आइआरसीटीसी ने अपने सभी यात्रियों को ई-मेल भेज कर इसकी जानकारी दी है।

इन ट्रेनों में मिलेगी सुविधा : आईआरसीटीसी के अधिकारी ने इस बात की पुष्टि करते हुए बताया कि इस सुविधा की शुरूआत अभी सिर्फ उन ट्रेनों में की गई है जिनमें पैंट्री कार नहीं है। फिलहाल इस सुविधा की शुरूआत कालका से नई दिल्ली भाया चंडीगढ़ तक चलने वाली ट्रेन हिमालयन क्वीन में की गई है। इस ट्रेन में इसके रेस्पॉन्स को देखते हुए जल्द ही इसे जयपुर-चंडीगढ़ इंटरसिटी और साइनगर शिरडी-कालका सप्ताहिक ट्रेनों में शुरू किया जाएगा।

कैसे मिलेगी ई-कैटरिंग की सुविधा : आईआरसीटीसी की ओर से शुरू की गई ई-कैटरिंग का लाभ लेने के लिए आपके टिकट का स्टेटस कंफर्म होना जरूरी है। फिर आईआरसीटीसी की साइट पर जाकर पीएनआर नंबर डालना होगा। इसके बाद आपके स्टेशन का नाम, वेंडर और मेनू के ऑप्शन को सेलेक्ट करना होगा। जब आपकी बुकिंग कंफर्म हो जाएगी, फिर आपके बताए मोबाइल नंबर पर एक वन टाइम पासवर्ड आएगा। इसके बाद वेंडर फोन पर आपसे खाना डिलिवर करने की टाइमिंग पूछेगा। भोजन आपके बताए समय के मुताबिक आपकी सीट पर पहुंच जाएगा। यात्री इस सुविधा का लाभ सुबह 6 बजे से लेकर रात्रि 10 तक ले सकते हैं।

कैसे होगी पेमेंट : खाना बुक कराने के लिए आपका ऑर्डर कम से कम 60 रूपये का होना चाहिए। इसके लिए ऑनलाइन पेमेंट के साथ साथ कैश ऑन डिलिवरी भी कर सकते हैं। खाना ऑर्डर करने के कम से कम दो घंटे बाद आपकी सीट पर पहुंच जाएगा।

ट्रेन लेट होने पर कैसे मिलेगा खाना : अगर ट्रेन लेट होती है और खाना डिलिवरी समय यानी सुबह 6 से रात्रि 10 बजे के बाद पहुंचती है तो उस स्थिति में खाना मिलने की कोई गारंटी नहीं है। खाना नहीं मिलने की स्थिति में बैंक चार्ज काटने का बाद यात्री का पूरा पैसा वापस कर दिया जाएगा।

कैसे मिलेगी ऑर्डर की जानकारी : यात्री ई-मेल और एसएमएस के जरिए भी अपने पसंदीदा वेंडर से ऑर्डर के दो घंटे बाद खाना ले सकते हैं। आरएसी और वेट लिस्ट टिकट वाले यात्रियों को खाना मंगाने के लिए टॉल फ्री नंबर 18001034139 पर फोन या एसएमएस करना होगा। अपने दिये गए ऑर्डर को रद्द करने के लिए आपको 20 रूपये का अतिरिक्त शुल्क देना पड़ेगा। इसके अलावा अगर आपका ऑर्डर तय समय तक नहीं पहुंचता है तो आप टॉल फ्री नंबर (1800-1034-139) और 0120-4383892-99 पर फोन कर जानकारी हासिल कर सकते हैं।
 
इस लेख पर अपने विचार व्यक्त करें...

Related Posts

India 4178386447142095275
item