दिखने लगा मोदी इफेक्ट, पाक ने किया 151 भारतीय मछुआरों को रिहा, श्रीलंका भी करेगा रिहा

नई दिल्ली। देश के 15वें प्रधानमंत्री के रूप में कल शपथ ग्रहण करने वाले नरेंद्र मोदी का असर अभी से नजर आने लगा है, जबकि अभी उन्होंने देश क...

नई दिल्ली। देश के 15वें प्रधानमंत्री के रूप में कल शपथ ग्रहण करने वाले नरेंद्र मोदी का असर अभी से नजर आने लगा है, जबकि अभी उन्होंने देश की सत्ता की बागडौर अपने हाथ में पूरी तरह से नहीं ली है।

मोदी के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने वाले पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ के दिल्ली पहुंचने से एक दिन पहले आज पाकिस्तान ने सद्भावना का परिचय देते हुए 151 भारतीय मछुआरों को रिहा किया है। कराची की मलीर जेल से 59 और सिंध प्रांत के हैदराबाद की नारा जेल से 92 भारतीय मछुआरों को रिहा किया गया है।


वहीं दूसरी ओर श्रीलंका के राष्ट्रपति महिन्दा राजपक्षे ने भी सद्भावना के तौर पर श्रीलंकाई जेलों में बंद सभी भारतीय मछुआरों को रिहा करने के आदेश दिए हैं। राष्ट्रपति कार्यालय के एक प्रवक्ता ने बताया कि राजपक्षे ने सोमवार को नई दिल्ली में आयोजित होने जा रहे मोदी के शपथग्रहण समारोह में शामिल होने से पहले सभी भारतीय मछुआरों को रिहा करने के आदेश दिए हैं। यह दूसरा उदाहरण है जब श्रीलंका अपनी नौसेना द्वारा पकड़े गए भारतीय मछुआरों को रिहा कर रहा है।

मलीर जेल के अधीक्षक सैयद नजीर हुसैन ने जानकारी देते हुए बताया कि गृह और विदेश मंत्रालयों के लिखित दिशा-निर्देश के आधार पर भारतीय मछुआरों को रिहा किया गया है। उन्होंने कहा, ‘‘इनमें से ज्यादातर गरीब भारतीय मछुआरे हैं, जिन्हें पाकिस्तानी जलक्षेत्र में प्रवेश करने के बाद गिरफ्तार करके यहां लाया गया था।’’ रिहा किए गए कैदियों को वातानुकूलित बसों के जरिए कराची से वाघा सीमा लाया गया। वाघा से इन लोगों को भारतीय अधिकारियों के सुपुर्द कर दिया जाएगा।

एक गैर सरकारी संगठन के प्रमुख न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) असलम नासिर जाहिद ने कहा कि सरकार कैदियों की रिहाई में पूरी तरह सहयोग किया है। रिहा किए गए कुछ लोगों ने पाकिस्तानी न्यूज चैनल जियो न्यूज को बताया कि वह अपने परिवारों के पास लौटने को लेकर काफी खुश हैं। एक व्यक्ति ने कहा, ‘‘हमारे साथ किसी अपराधी की तरह नहीं, बल्कि अच्छा व्यवहार किया गया। हर कोई अपने परिवार के पास लौटना चाहता है।’’

भारतीय सामाजिक कार्यकर्ताओं के अनुसार मौजूदा समय में 229 भारतीय मछुआरे और करीब 780 नौकाएं पाकिस्तान की हिरासत में हैं। इसी तरह से करीब 200 पाकिस्तनी मछुआरे और उनकी 150 नौकाएं भारत में हैं।


सभी अपडेट के लिए हमें Facebook और Twitter पर फ़ॉलो करें

 

इस लेख पर अपने विचार व्यक्त करें...

Related Posts

India 4233850376022074537
item