कम होगी सब्सिडी वाले सिलैंडरों की संख्या!

नई दिल्ली। देश में प्रचंड बहुमत के साथ सत्ता में आने वाली भाजपा की अगुवाई वाली एनडीए सरकार ने संप्रग सरकार की नीतियों में कुछ आमूलचूल बदल...

नई दिल्ली। देश में प्रचंड बहुमत के साथ सत्ता में आने वाली भाजपा की अगुवाई वाली एनडीए सरकार ने संप्रग सरकार की नीतियों में कुछ आमूलचूल बदलाव कर सुधार करने की प्रक्रिया भले ही शुरू कर दी हो, लेकिन हो सकता है कि रसोई गैस सब्सिडी को लेकर पूर्व सरकार की नीतियों को ही आगे बढ़ाया जाए।

संभव है कि नई सरकार हर परिवार को दिए जाने वाले सस्ते रसोई गैस सिलेंडर का कोटा मौजूदा 12 से घटाकर नौ कर दे। सीधे बैंक खाते में एलपीजी सब्सिडी ट्रांसफर करने की नीति भी थोड़े बदलाव से लागू हो सकती है।

पेट्रोलियम मंत्रलय के अधिकारियों ने पेट्रोलियम मंत्री धर्मेद्र प्रधान के सामने संभावित नई नीतियों की जो फेहरिस्त रखी है उनमें कई संप्रग के दौर में तैयार की गई थीं। नए मंत्री को यह बताया गया है कि हर परिवार को साल भर में सब्सिडी वाले 12 सिलेंडरों की संख्या फिलहाल घटा कर नौ कर दी जानी चाहिए।

इतने सिलेंडर दिए जाने से सब्सिडी का गलत इस्तेमाल होने की संभावना बढ़ गई है। पेट्रोलियम मंत्रलय के आंकड़े के मुताबिक देश के 89 फीसद परिवार साल में सिर्फ नौ एलपीजी सिलेंडर की खपत करते हैं। 70 फीसद परिवार तो सिर्फ छह सिलेंडर का इस्तेमाल करते हैं।

इसके साथ ही पेट्रोलियम मंत्रलय के अधिकारियों ने सीधे बैंक खाते में एलपीजी सब्सिडी ट्रांसफर करने की पुरानी नीति को भी सही बताते हुए नए मंत्री से इसे फिर से अमल में लाने की जरूरत बताई है। सीधे बैंक खाते में एलपीजी सब्सिडी ट्रांसफर करने का ढांचा काफी हद तक तैयार है।

इसकी कमियों को दूर किया जा रहा है। उक्त दोनों कदमों से सरकार पर एलपीजी सब्सिडी का बोझ काफी कम किया जा सकेगा। इससे न सिर्फ देश की राजकोषीय स्थिति सुधरेगी, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में एलपीजी कनेक्शन बढ़ाने की तेल कंपनियों की योजना को भी तेजी से लागू किया जा सकेगा।

उक्त दोनों नीतियों को संप्रग ने पहले लागू किया। फिर चुनाव के वक्त इन्हें वापस कर लिया। यह अलग बात है कि इससे भी कांग्रेस हार से नहीं बच सकी।


सभी अपडेट के लिए हमें Facebook और Twitter पर फ़ॉलो करें

 

इस लेख पर अपने विचार व्यक्त करें...

Related Posts

India 4439253034859125570
item