आज हो सकता है वसुंधरा मंत्रिमंडल में विस्तार और फेरबदल, कुछ ही देर में पहुंचने वाले हैं सभी मंत्री

Jaipur, Rajasthan, CM Vasundhara Raje, Rajasthan Ministers, Rajasthan Cabinet, Letest News Rajasthan, Cabinet Expansion
जयपुर। राजस्थान में पिछले कुछ समय से चली आ रही मंत्रिमंडल विस्तार और फेरबदल की संभावनाओं पर आज विराम लग सकता है। संभावना जताई जा रही है कि शनिवार को राज्य मंत्रिमंडल में विस्तार और फेरबदल किया जा सकता है। दरअसल, मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के निर्देशों के बाद सभी मंत्रियों से शनिवार को दोपहर साढ़े 11 बजे तक जयपुर पहुंचने के लिए कहा गया है। इसी कड़ी में मंत्रियों का जयपुर सीएमआर पहुंचने का क्रम कुछ ही देर में शुरू होने वाला है। यहां मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सभी मंत्रियों की बैठक लेंगी और इसके बाद राजभवन में मंत्रिमंडल विस्तार और फेरबदल का कार्यक्रम किया जा सकता है। इसे लेकर राजभवन के पीछे स्थित लॉन में भी टैंट वगैरह लगाए जाने का कार्य चल रहा है।

मुख्यमंत्री के बारां-झालावाड़ दौरे से लौटने के बाद शुक्रवार देर शाम को सभी मंत्रियों को मैसेज भेजकर शनिवार को दोपहर साढ़े 11 बजे तक जयपुर बुलाया गया है। ऐसे में मंत्रियों को अचानक जयपुर बुलाने को मंत्रिमंडल विस्तार से जोड़कर देखा जा रहा है। 

वहीं दूसरी ओर, दिल्ली दौरे पर गए हुए राज्यपाल कल्याण सिंह का भी शनिवार शाम को जयपुर पहुंचने का कार्यक्रम है। सूत्रों के मुताबिक राज्यपाल कल्याण सिंह से भी यह आग्रह किया गया है कि वे शाम की बजाय दोपहर तक जयपुर पहुंचे। ऐसे में मंत्रिमंडल विस्तार की संभावनाओं को शुक्रवार की शाम से उस वक्त बल मिला, जब सभी मंत्रियों को अचानक जयपुर पहुंचने के मैसेज करवाए गए।

ऐसे में इस पूरी कवायद को मंत्रिमंडल विस्तार से जोड़कर देखा जा रहा है। वहीं, सामान्य प्रशासन विभाग और राजभवन में भी हलचल शुरू हो गई है। संभावित मंत्रिमंडल विस्तार और फेरबदल में कई मौजूदा मंत्रियों के विभाग बदलने और कुछेक मंत्रियों को बाहर कर नए चेहरों को मौका दिया जा सकता है। वहीं तीन नए मंत्री बनाए जाने की भी संभावना है।

उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व वसुंधरा राजे केबीनेट का विस्तार 27 अक्टूबर 2014 को किया गया था, जो भाजपा की ऐतिहासिक बहुमत के साथ सत्ता में आने के करीब दस महीने बाद पहला विस्तार था। इस दौरान मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के मंत्रिमंडल में 15 नए मंत्रियों को शामिल किया गया था। यह विस्तार करीब 5 महीने से अटका हुआ था। 



इस लेख पर अपने विचार व्यक्त करें...

Related Posts

Jaipur 4521221181474132310
item