अभिभावक और शिक्षक दें दिव्यांग बच्चों पर विशेष ध्यान : देवनानी

Ajmer, Rajasthan, Education Minister, Vasudev Devani, Special Child
अजमेर। शिक्षा राज्यमंत्री प्रो. वासुदेव देवनानी ने कहा कि दिव्यांग बच्चे अपने आपको किसी तरह कमजोर ना समझें। दिव्यांग बच्चों पर भगवान की विशेष मेहरबानी होती है। वे अपने आपको समाज की मुख्यधारा में शामिल मानें। उन्होंने शिक्षकों एवं अभिभावकों का आह्वान किया कि वे दिव्यांग बच्चों को उनकी पढ़ाई, खेल और जीवन के विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ने में सहायता करें।

शिक्षा राज्यमंत्री प्रो. देवनानी ने आज विश्व दिव्यांग दिवस पर राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय तोपदड़ा में आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधित किया। उन्होंने कहा कि हाल ही में रियो में संपन्न पैरालंपिक में दिव्यांग व्यक्तियों ने साबित कर दिया है कि वे किसी से कम नहीं। भारत के लिए कई दिव्यांग खिलाड़ियों ने पैरालंपिक में मैडल जीते। आज देश व प्रदेश के कई उच्च पदों पर दिव्यांग व्यक्ति नियुक्त हैं। दिव्यांगता अभिशाप नहीं है। जरूरत है, दिव्यांग बच्चों को सही दिशा दिखाने की।

उन्होंने कहा कि इसके लिए सरकार तो प्रयास कर ही रही है, समाज को भी अपना दायित्व निभाना होगा। शिक्षक और अभिभावक दिव्यांग बच्चों को पढ़ाई और खेल के प्रति प्रोत्साहित करें। उन्हें जीवन में आगे बढने के लिए प्रेरणा दें। शिक्षा विभाग सर्व शिक्षा अभियान के माध्यम से दिव्यांग बच्चों को उपकरण वितरित करता है। इन उपकरणों का समुचित उपयोग हो।

जिला प्रमुख वंदना ने कहा कि दिव्यांग बच्चों के लिए राज्य सरकार ने कई कल्याणकारी योजनाएं लागू की हैं। उनका लाभ उठाएं। प्रो. देवनानी एवं जिला प्रमुख ने दिव्यांग बच्चों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया तथा रैली को हरी झंडी दिखा कर रवाना किया। इस अवसर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं में विजयी रहे बच्चों को पुरस्कृत भी किया गया।

कार्यक्रम में उप निदेशक शिक्षा जीवराज जाट, जिला शिक्षा अधिकारी दीपक जौहरी, सुरेश कुमार व्यास, अमित शर्मा, एडीपीसी दिनेश ओझा, एडीपीसी रामनिवास गालव आदि उपस्थित थे। दिव्यांग बच्चों की रैली का तोपदड़ा स्कूल में पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया।



इस लेख पर अपने विचार व्यक्त करें...

Related Posts

Rajasthan 2342210648369520626
item