अजमेर में पर्यटन विकास के लिए केन्द्र सरकार देगी आर्थिक मदद : देवनानी

अजमेर में पर्यटन विकास के लिए केन्द्र सरकार देगी आर्थिक मदद -प्रो. देवनानी अजमेर। जिले के प्रभारी एवं शिक्षा राज्य मंत्री ने आज दिल्ली म...

अजमेर में पर्यटन विकास के लिए केन्द्र सरकार देगी आर्थिक मदद -प्रो. देवनानी
अजमेर। जिले के प्रभारी एवं शिक्षा राज्य मंत्री ने आज दिल्ली में केन्द्रीय पर्यटन मंत्री महेश शर्मा से मुलाकात की। उन्होंने अजमेर में हवाई अड्डे के विकास, शहर में पृथ्वीराज चौहान की मूर्ति स्थापना में आर्थिक सहयोग तथा आनासागर पाथ वे के विकास सहित अन्य बिन्दुओं पर चर्चा की। केन्द्रीय मंत्री शर्मा ने अजमेर और पुष्कर को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने के लिए केन्द्र सरकार की ओर से आर्थिक मदद देने का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि यह सभी मुद्दे पर्यटन मंत्रालय की बैठक में रखे जाएंगे।

शिक्षा राज्य मंत्री वासुदेव देवनानी ने आज अपने दिल्ली प्रवास के दौरान केन्द्रीय पर्यटन मंत्री महेश शर्मा से मुलाकात कर अजमेर जिले के पर्यटन संबंधी मुद्दों पर चर्चा की। उन्होंने शर्मा से कहा कि अजमेर में हवाई अड्डे के काम में देरी से पर्यटन प्रभावित हो रहा है। अजमेर में पुष्कर और दरगाह के कारण बड़ी संख्या में देशी - विदेशी पर्यटकों का आवागमन रहता है। ऐसे में हवाई अड्डा शीघ्र शुरू होना चाहिए। उन्होंने हवाई अड्डे का नामकरण सम्राट पृथ्वीराज चौहान के नाम पर किए जाने का आग्रह किया।

देवनानी ने केन्द्रीय मंत्री को ऐतिहासिक आनासागर झील और उसके सौंदर्य से परिचय कराते हुए कहा कि  झील के परिधि क्षेत्र में अमेरिका के स्टेच्यू आॅफ लिबर्टी तथा रामेश्वरम में स्वामी विवेकानन्द की मूर्ति  के तर्ज पर सम्राट पृथ्वीराज चौहान की विशाल मूर्ति स्थापित किए जाने के लिए भी केन्द्र सरकार की ओर से आर्थिक सहायता की आवश्यकता है। इसी तरह झील के चारों ओर सौन्दर्यीकरण के लिए पाथ वे विकसित किया जा रहा है। इसे और अधिक विकसित एवं सौंदर्यीकरण किया जाना जरूरी है।

देवनानी ने अजमेर में अजयपाल मन्दिर, बैजनाथ, चामुण्डा माता मन्दिर, अजमेर का किला, सिंध आर्ट गैलेरी एवं महर्षि दयानन्द सरस्वती के निर्माण स्थली के लिए एक बड़े स्मारक का निर्माण भी पर्यटन को आकर्षित करेगा। इसी तरह मदार गेट, दिल्ली गेट, अलवर गेट, आगरा गेट, सहित अन्य ऐतिहासिक महत्व की इमारतों का भी विकास आवश्यक है। केन्द्रीय पर्यटन मंत्री महेश शर्मा ने कहा कि अजमेर को पर्यटन मानचित्र पर उभारने के लिए केन्द्र की ओर से पूरी आर्थिक मदद दी जाएगी। इन सभी बिन्दुओं को पर्यटन मंत्रालय की आगामी बैठक में रखकर इन पर निर्णय किया जाएगा। केन्द्र सरकार अजमेर में पर्यटन विकास को और अधिक गति देगी।

इस लेख पर अपने विचार व्यक्त करें...

Related Posts

Rajasthan 6015663803516066594
item