नगर निगम ने किया ऑर्बिट मॉल को कुर्क
जानकारी के अनुसार नगर निगम की कार्रवाई जब चली तब मौके पर अंदर बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। ऑर्बिट मॉल में 24 घंटे काम चलता है, ऐसे में सीलिंग करने से पहले नगर निगम ने मौजूदा लोगों को बाहर निकाला। इस दौरान कई लोगों ने विरोध भी किया इसके बाद नगर निगम ने मॉल के बाहर से ताला लगा दिया। नगर निगम ने मौके पर कुर्की का नोटिस चस्पा किया।
कार्रवाई के बाद मॉल के बाहर बरामदे पर बड़ी संख्या में स्टॉफ कर्मचारियों ने प्रदर्शन करते हुए नगर निगम की कार्रवाई को एकतरफा बताया। नगर निगम ने यह बिल्डिंग सील तो कर दी, लेकिन यहां पर आज पासपोर्ट बनवाने के लिए आने वाले लोगों के लिए बड़ी परेशानी खड़ी हो गई। भवन सील होने के कारण लोगों को बाहर से ही लौटना पड़ा। नगर निगम दस्ते ने इसके साथ चार अन्य स्थानों पर भी कार्रवाई की है।
गौरतलब है कि पिछले काफी सयम से बकाया चल रहे यूडी टेक्स की वसूली के लिए कई बार नोटिस मांग-पत्र भेजे जाने पर भी बकाया राशि जमा नहीं कराने वालों के खिलाफ नगर निगम आयुक्त आशुतोष ए टी पेडणेकर द्वारा कुर्की कर बकाया राशि वसूलने के निर्देश दिये गये हैं।
जयपुर नगर निगम के आयुक्त आशुतोष ए.टी. पेडणेकर ने बताया कि निगम द्वारा सभी जोनल कार्यालयों में बकायादारों की तैयार की गई सूची के तहत कार्रवाई की जा रही है। बकायादारों से यूडी टैक्स की वसूली के लिए सख्ती के साथ कार्रवाई की जा रही है। इसके लिए सभी जोनल उपायुक्तों को निर्देशित किया गया है कि वे बकायादारों से सख्ती से नियमानुसार वसूली करें।