मणिकर्ण गुरुद्वारा पर चट्टान गिरने से 10 मरे, कई घायल

Gurudwara Manikaran Sahib, Manikaran Gurudwara, boulders fall, Himachal Pradesh, Kullu, मणिकर्ण गुरुद्वारा,  हिमाचल प्रदेश, कुल्लू
शिमला (विजयेन्दर शर्मा)। हिमाचल प्रदेश के जिला कुल्लू की धार्मिक नगरी मणिकर्ण स्थित ऐतिहासिक गुरुद्वारा के निकट भवन पर पहाड़ी से चट्टानें व मलबा गिरने से कई लोग दब गए। हादसे के बाद अभी तक दस शव निकाले जा चुके हैं, जबकि कई और लोगों के दबे होने की आशंका है। मणिकर्ण गुरुद्वारा से सटे भवन पर अचानक चट्टानें गिरने से दस लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और 11 लोग घायल हो गए। कुछ और लोगों के भी घायल होने की आशंका जताई जा रही है।

मंगलवार को दोपहर करीब डेढ़ बजे हुए इस दर्दनाक हादसे का पता चलते ही जिला मुख्यालय से वरिष्ठ अधिकारियों की टीम बचाव दल के साथ मणिकर्ण के लिए रवाना हो गई। अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी विनय सिंह ठाकुर, एएसपी निश्चिंत सिंह नेगी, एसडीएम रोहित राठौर, तहसीलदार एसपी जसवाल और अन्य अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर राहत व बचाव कार्य आरंभ कर दिया।

पुलिस और होमगार्ड के अलावा एनडीआरएफ और सशस्त्र सीमा बल की रेस्क्यू टीमें भी मौके पर पहुंच कर बचाव कार्य में जुट गईं। देर शाम तक रेस्क्यू आपरेशन जारी था। दुर्घटनास्थल से दस शव बरामद किए गए हैं। समाचार लिखे जाने तक मृतकों की पहचान नहीं हो पाई थी।

उपायुक्त राकेश कंवर ने बताया कि 11 घायलों को क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू पहुंचाया गया है। इनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायल पंजाब के जिला संगरूर के गांव रोगला टरवा मंडी के निवासी हैं। घायलों में निक्का राम पुत्र बिलू राम, तरसेम पुत्र हेमराज, मिठू सिंह पुत्र गुरजंटा सिंह, अवतार सिंह उर्फ कालू पुत्र बृजभान सिंह, लोकराज पुत्र ओम प्रकाश, पपिंद्रजीत सिंह पुत्र लाल सिंह, हंसराज पुत्र बालाराम और गुरविंद्र सिंह शामिल हैं।

गंभीर रूप से घायल गुरविंद्र सिंह पुत्र गुरचरण सिंह को पीजीआई चंडीगढ़ के लिए रैफर कर दिया गया है। उसे फौरी राहत के रूप में जिला प्रशासन की ओर से पंद्रह हजार रुपये की धनराशि दी गई है। गंभीर रूप से घायल दो अन्य लोगों को भी दस-दस हजार की राहत राशि दी गई है। अन्य घायलों को भी पांच-पांच हजार व तीन-तीन हजार रूपये दिए गए हैं।

उधर हादसे की जानकारी मिलते ही उपायुक्त राकेश कंवर, कुल्लू के एसडीएम रोहित राठौर व पुलिस अधीक्षक पदम चंद दल बल के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हो गए। पहाड़ी से मलबा व चïट्टानें गिरने से वहां पर अफरी-तफरी का माहौल है।


इस लेख पर अपने विचार व्यक्त करें...

Related Posts

India 2024114561763945225

Watch in Video

Comments

item