वसुंधरा राजे ने अजमेर में किया आईसीयू वार्ड का लोकार्पण

अजमेर। मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने रविवार को अपनी अजमेर यात्रा के दौरान जवाहर लाल नेहरू चिकित्सालय के हृदय रोग विभाग में आई.सी.यू. वार्ड...

अजमेर। मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने रविवार को अपनी अजमेर यात्रा के दौरान जवाहर लाल नेहरू चिकित्सालय के हृदय रोग विभाग में आई.सी.यू. वार्ड का लोकार्पण किया। राजे ने इस अवसर पर कहा कि हृदय रोग विभाग के आई.सी.यू. द्वारा अजमेर संभाग के सबसे बड़े अस्पताल में आने वाले मरीजों को बेहतर चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

इस अवसर पर उन्होंने महावीर इंटरनेशनल संस्थान के दानदाताओं का आई.सी.यू. के निर्माण में सहयोग करने पर आभार प्रकट करते हुए कहा कि आप जैसे लोग ही मानवता के सच्चे सिपाही हैं। उन्होंने आई.सी.यू. यूनिट के वार्ड, उपकरणों, डाक्टर्स आदि के बारे में विस्तृत जानकारी भी ली। उन्होंने कहा कि अस्पताल के विकास के लिए सभी आवश्यकताओं को पूरा किया जाएगा। उन्होंने आई.सी.यू. वार्ड में मरीजों के लिए लगाए गए बेड व जीवनरक्षक उपकरणों की जानकारी भी ली। 

जिला कलक्टर डॉ. आरूषि ए. मलिक ने बताया कि आई.सी.यू. का निर्माण 1.10 करोड़ रुपये की लागत से किया गया है। आई.सी.यू. वार्ड के शुरू होने से हृदय रोग विभाग में भर्ती होने वाले मरीजों को और अधिक सुविधाएं मिल सकेंगी। नए आई.सी.यू. वार्ड के शुरू हो जाने पर आई.सी.यू. 24 बेड का हो जाएगा।

जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अशोक चौधरी व हृदय रोग विभागाध्यक्ष डॉ. राजेन्द्र गोखरू ने बताया कि नवनिर्मित आई.सी.यू वार्ड द्वारा मरीजों को आधुनिक सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा जिससे हृदय रोग के मरीजों को काफी राहत मिलेगी।      

इस मौके पर महिला एवं बाल विकास राज्यमंत्री  अनिता भदेल, शिक्षा राज्यमंत्री प्रो. वासुदेव देवनानी, राजस्थान धरोहर संरक्षण एवं प्रोन्नति प्राधिकरण के अध्यक्ष  ओंकार सिंह लखावत, पुष्कर विधायक  सुरेश सिंह रावत एवं ब्यावर विधायक  शंकर सिंह रावत सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।


सभी अपडेट के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें

 

इस लेख पर अपने विचार व्यक्त करें...

Related Posts

Rajasthan 8310428714844644359
item