'लाइव' : 165 किमी की रफ्तार से आ रहा ‘हुदहुद’

हैदराबाद/भुबनेश्वर। चक्रवाती तूफ़ान 'हुदहुद' के रविवार को आंध्र और ओडिशा के तट से टकराने की संभावना जताई जा रही है। इस दौरान 165 ...

हैदराबाद/भुबनेश्वर। चक्रवाती तूफ़ान 'हुदहुद' के रविवार को आंध्र और ओडिशा के तट से टकराने की संभावना जताई जा रही है। इस दौरान 165 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाएं चल सकती हैं। हालांकि चक्रवात के खतरे के चलते तैयारियां तेज कर दी गई हैं और तटीय जिलों के निचले इलाकों से हजारों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।

चक्रवात के रविवार पूर्वाह्न विशाखापत्तनम के आसपास तट तक पहुंचने की आशंका है। बताया जा रहा है कि आंध्र के पांच तटीय जिलों से करीब 1.11 लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाया गया है। सरकार ने 5 लाख लोगों को वहां से निकालने की तैयारी कर रखी है। राहत और बचाव कार्य के लिए सेना और नौसेना के लोगों को तैयार रखा गया है।

'लाइव' : देखिए, हुदहुद की मौजूदा स्थिति


तटीय जिलों में 146 चक्रवात राहत केंद्र स्थापित किए गए हैं। राष्ट्रीय आपदा राहत बल ने राहत व बचाव अभियान के लिए 19 टीमें तैनात की हैं। प्रत्येक टीम में 45 से 50 सदस्य हैं। इसके अतिरिक्त बड़ी संख्या में सैन्यकर्मियों को विशाखापत्तनम में तैनात रखा गया है। मौसम विभाग ने आगाह किया है कि चक्रवात के चलते कच्चे मकानों को जबर्दस्त नुकसान हो सकता है, बड़े पेड़ उखड़ सकते हैं और रेल व सड़क परिवहन को आंशिक नुकसान पहुंच सकता है।

आंध्र के उपमुख्यमंत्री के. कृष्णमूर्ति ने कहा कि चक्रवाती तूफान से निपटने के लिए सरकारी मशीनरी तैयार है। भारतीय नौसेना की पूर्वी कमान ने मदद के लिए चार जहाजों को तैयार रखा है। इन जहाजों पर अतिरिक्त गोताखोर, डॉक्टर, रबड़ की नौकाएं, हेलिकॉप्टर, भोजन, तंबू, कपडों और दवाओं सहित राहत सामग्री तैयार रखी गई है।

नौसेना के हवाई स्टेशन आईएनएस डेगा में में छह विमान तैयार रखे गए हैं। सूत्रों ने बताया कि तत्काल नोटिस पर काम करने के लिए अतिरिक्त राहत सामग्री के साथ गोताखोरों की 30 टीमें और चार प्लाटून तैयार रखी गई हैं।


अगले 48 घंटों में भारी बारिश, तेज हवाएं

मौसम विभाग ने बताया कि साइक्लोन के प्रभाव के चलते अगले 48 घंटों में उत्तरी आंध्र प्रदेश के पश्चिमी और पूर्वी गोदावरी, विशाखापत्तनम, विजियानगरम और श्रीकाकुलम जिलों में और ओडिशा के गंजाम, गजपति, कोरापुट, रायगढ़ा, नबरंगपुर, मल्कानगिरि, कालाहांडी और फुलबानी जिलों में अधिकतर जगहों पर भारी बारिश होगी, जबकि कुछ स्थानों पर अत्यंत भारी बारिश होगी। अगले 12 घंटों में उत्तरी आंध्र प्रदेश के तट और अपटतीय क्षेत्र में पचास से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रहीं तूफानी हवाएं तथा कुछ स्थानों पर 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रहीं हवाएं बरकरार रहेंगी।


इसलिए है 'हुदहुद' नाम 

यह इस्राइल का राष्ट्रीय पक्षी है। दिखने में रंग-बिरंगा यह परिंदा भारत में कठफोड़वा नाम से जाना जाता है। हालांकि अफ्रीका व यूरेशिया के इलाकों में भी पाया जाता है। तूफान को यह नाम ओमान ने दिया है। असल में तूफान के नामकरण का सिलसिला काफी पुराना है। इसका मकसद आपदा के समय चेतावनी संदेशों में तूफान की पहचान को आसान बनाना है।


सभी अपडेट के लिए हमें Facebook और Twitter पर फ़ॉलो करें

 

इस लेख पर अपने विचार व्यक्त करें...

Related Posts

India 871418354509183336
item