आनासागर चौपाटी का होगा विस्तार, देवनानी ने महापौर और कलेक्टर के साथ किया निरीक्षण

अजमेर। अजमेर को स्मार्ट सिटी बनाए जाने के लिए किए जा रहे प्रयासों के तहत आनासागर चौपाटी का विस्तार सागर विहार काॅलोनी तक किया जाएगा। सागर...

अजमेर। अजमेर को स्मार्ट सिटी बनाए जाने के लिए किए जा रहे प्रयासों के तहत आनासागर चौपाटी का विस्तार सागर विहार काॅलोनी तक किया जाएगा। सागर विहार की पाल के किनारे उद्यान विकसित किया जाएगा। साथ ही क्षेत्र में भरने वाले बरसाती और गंदे पानी की निकासी के लिए भी स्थायी उपाय किया जाएगा। पुष्कर रोड स्थित पुरानी विश्राम स्थली पर भी पुराने निर्माण ढहा कर पाथवे बनाया जाएगा। यहां वाटर एम्यूजमेंन्ट पार्क की संभावनाओं को तलाशा जाएगा।

शिक्षा राज्यमंत्री प्रो.देवनानी ने आज महापौर धर्मेंद्र गहलोत एवं जिला कलेक्टर गौरव गोयल के साथ सागर विहार कॉलोनी की पाल के साथ बने नए पाथवे का निरीक्षण किया। देवनानी ने बताया कि स्मार्ट सिटी योजना के तहत चौपाटी का विस्तार आनासागर सर्कुलर रोड पर शिव मन्दिर से सागर विहार काॅलोनी स्थित पाथवे तक किया जाएगा। इस पाथवे को आगे नयी चौपाटी से भी जोड़ा जाएगा।

देवनानी ने बताया कि सागर विहार काॅलोनी में झील के किनारे काफी सरकारी भूमि अनुपयोगी पड़ी है। इस भूमि पर उद्यान का विकास किया जाएगा। पाथवे एवं उद्यान को आधुनिक ढंग  से विकसित किया जाएगा। क्षेत्र में बरसाती एवं गंदा पानी भरने की बड़ी समस्या है। इसके निराकरण के लिए यहां छोटा सीवरेज ट्रीटमेंन्ट प्लांट या अन्य उपाय किए जाएंगे।
महापौर धर्मेंद्र गहलोत ने बताया कि अजमेर को स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित किए जाने का कार्य प्रारम्भ हो चुका है। सुभाष उद्यान और आनासागर के सौन्दर्यीकरण के साथ ही हैरिटेज वाॅकवे तथा जयपुर रोड सौन्दर्यीकरण का कार्य भी करवाया जा रहा है।

जिला कलेक्टर गौरव गोयल ने बताया कि स्मार्ट सिटी योजना के तहत सुभाष उद्यान में कल्चरल पार्क, शहर के प्रमुख मार्गो व चौराहों पर मूर्ति व कला की स्थापना, शहर में टूरिस्ट इंफाॅर्मेशन सेन्टर का निर्माण, आनासागर के चारों ओर एम्फीथियेटर, पैदल व साईकिल का ट्रेक, सोलर लाईट, म्यूजिकल फाउंटेन, वाॅटर स्पोर्टस, हैरिटेज म्यूजियम आदि कार्य भी प्रस्तावित किए गए हैं।

इसी तरह शहर में ओपन एयर जिम, थीम बेस्ड पार्क, रैन वाॅटर हाॅरवेस्टिंग कार्य, जलापूर्ति से संबंधित कार्य, बाईक शेयरिंग योजना, फुट ओवर ब्रिज, प्लानटेशन, वैण्डिंग जोन, दुकानों का फ्रंट सौंदर्यीकरण, स्मार्ट क्लास, रिजनल साईंस सेन्टर, लाईब्रेरियों का सशक्तिकरण, डिजीटल लाईब्रेरी, मल्टी स्किल इंस्टीटयूट, स्टार्टअप हब, वाई फाई कनेक्टिीविटी, स्मार्ट ट्रांसर्पोटेशन आदि कार्य भी कराए जाएंगे।

इस लेख पर अपने विचार व्यक्त करें...

Related Posts

Ajmer 932469412689292706
item