प्रदेश की डेढ़ लाख बालिकाओं को मिलेगा आत्मरक्षा प्रशिक्षण : देवनानी
अजमेर। जिले के प्रभारी एवं शिक्षा राज्य मंत्री प्रो. वासुदेव देवनानी ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश की बालिकाओं को किसी भी परिस्थिति से निप...
शिक्षा राज्य मंत्री प्रो. देवनानी ने आज पटेल मैदान में सक्षम योजना के तहत प्रथम चरण के आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविर का समापन किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे की सोच है कि राज्य की बालिकाएं शारीरिक रूप से सक्षम एवं हर परिस्थिति से निपटने में समर्थ बनें। इसके लिए पूरे राजस्थान के विद्यालयों में बालिकाओं को आत्मरक्षा का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। राज्य में तीन चरणों में चलने वाले सक्षम अभियान में डेढ़ लाख बालिकाओं को प्रशिक्षण दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि बालिकाएं खुद को कमजोर ना समझें। बालिकाएं मन से भी मजबूत बनें। इसके लिए व्यायाम के साथ ही योग एवं ध्यान का भी अभ्यास किया जा सकता है। आज राजस्थान की बालिकाओं ने हर क्षेत्र में परचम फहराया है। राज्य सरकार बालिकाओं को सक्षम बनाने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है।
महापौर धर्मेन्द्र गहलोत ने बालिकाओं से कहा कि वे अपने आपको किसी भी तरह की परिस्थिति में कमजोर ना समझें बल्कि उसका डटकर मुकाबला करें। बालिकाएं इसके लिए शारीरिक रूप से सक्षम होने के साथ ही मानसिक रूप से भी मजबूत बनें।
इस अवसर पर शहर के विभिन्न विद्यालयों की बालिकाओं को आत्मरक्षा के गुर सिखाए गए। सक्षम योजना के तहत अजमेर जिले में करीब दस हजार बालिकाओं को प्रशिक्षित किया जाएगा।