जय-जय राजस्थान के बाद अब जय-जय हिंदुस्तान : राजे
जयपुर/झालावाड़। लोकसभा चुनाव के लिए प्रदेश की 20 सीटों पर आज हुए मतदान के बाद मिल रहे रुझानों के मुताबिक मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे का प्र...
https://khabarrn1.blogspot.com/2014/04/vasundhara-raje-said-we-will-make-jai-jai-hindustan-now.html
जयपुर/झालावाड़। लोकसभा चुनाव के लिए प्रदेश की 20 सीटों पर आज हुए मतदान के बाद मिल रहे रुझानों के मुताबिक मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे का प्रचार अभियान का रंग दिखाई दे रहा है। प्रदेश में आज हुए करीब 64 प्रतिशत मतदान के अनुसार कहीं न कहीं राजे के लिए शुभ संकेत दिखाई दे रहा है। एक ओर जहां झालावाड़ में उनके पुत्र दुष्यंत सिंह इस बार हैट्रिक लगाते दिखाई दे रहे हैं। वहीं राजे ने जहां-जहां मोदी को प्रधानमंत्री बनाने के लिए अपने प्रचार में ताकत झोंकी है, वहां एक बार फिर उनका वन मैन शो की तरह असर देखने को मिला।
झालावाड-बारां लोकसभा सीट पर प्रदेश की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने झालावाड़ के तोपखाना राजकीय विद्यालय में मतदान किया। राजे सुबह 10 बजे जयपुर से चार्टर विमान से झालावाड़ की कोलाना हवाई पट्टी पर पहुंची और वहां से कार्यकर्ताओं के काफिले के साथ तोपखाना स्कूल पहुंची और अपने मताधिकार का उपयोग किया। उनका पर्ची नम्बर 548 था और उन्होंने झालावाड़ स्थित मतदान केन्द्र संख्या 32 पर जाकर अपना वोट डाला।
राजे ने मतदान के बाद कहा कि यहां से भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी दुष्यंत सिंह ही नहीं बल्कि समूचा राजस्थान उनके परिवार का हिस्सा है। राजे ने लोगों से वोट डालने की अपील करते हुए कहा कि उनको बहुत अच्छे नतीजे आने की उम्मीद है। राजे ने कहा कि यूपीए सरकार ने लोगों के साथ छलावा किया है, जिसे जनता महसूस कर रही है। आम जनता सब कु छ जानती है।
जब राजे से बाड़मेर लोकसभा सीट के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि न केवल बाड़मेर में बल्कि पूरे राजस्थान में विधानसभा चुनावों जैसे नतीजे आने की उम्मीद है। विधानसभा चुनाव में जय-जय राजस्थान के बाद अब जय-जय हिंदुस्तान भी करेंगे और हम 25 की 25 सीटों पर जीत हासिल करेंगे तथा नरेन्द्र मोदी को देश का प्रधानमंत्री बनाएंगे।
