बून्दी, । जिलें में स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्वक मतदान प्रक्रिया सम्पन्न कराने में एरिया एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों तथा पुलिस अधिकारियो...

बून्दी, । जिलें में स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्वक मतदान प्रक्रिया सम्पन्न कराने में एरिया एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों तथा पुलिस अधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका है । इन अधिकारियों को बेहतर समन्वय बनाये रखते हुये चुनाव प्रक्रिया को सुचारू, सुव्यवस्थित एवं शांतिपूर्वक सम्पन्न करवाना है। ये उद्गार जिला निर्वाचन अधिकारी आनंदी ने गुरूवार को यहां पुलिस आडिटोरियम में आयोजित चुनाव प्रशिक्षण कार्यक्रम में व्यक्त किये । उन्होंने कहा कि चुनाव में कार्यपालक मजिस्ट्रेट की शक्तियां प्राप्त सभी अधिकारी एवं पुलिस अधिकारी ज्यादा से ज्यादा संयुक्त दौरा करें । भयग्रस्त क्षेत्रों के मतदाताओं को 17 अप्रैल को मतदान में निर्भिकतापूर्वक भाग लेने हेतु आश्वस्त किया जावे । अधिकारियों का प्राथमिक दायित्व चुनाव के दौरान उनके क्षेत्र में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाये रखना है । एरिया एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट मतदान दिवस से पूर्व तथा मतदान दिवस पर किये जाने वाले ऐहतियाती उपायों को भी सुनिश्चित कर लें । प्रशिक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक पंकज चैधरी ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि जिस प्रकार बून्दी जिलें में विधानसभा चुनाव में अधिकारियों एवं कार्मिकों द्वारा निष्ठापूर्वक कार्य दायित्व का निर्वहन किया गया था, उसी प्रकार लोकसभा चुनाव में भी प्रशासन को उनके अनुभवों का पूरा लाभ मिलेगा । उन्होने कहा कि कार्यपालक मजिस्ट्रेट तथा पुलिस अधिकारी फील्ड में लगातार दौरे पर रहे और चाक चैबंद रहकर हर गतिविधि पर निगाह रखे। प्रशिक्षण प्रभारी आर.डी. मीणा ने बताया कि चुनाव प्रशिक्षण में 261 एरिया एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों तथा पुलिस अधिकारियों ने भाग लिया। दक्ष प्रशिक्षक हमीदुल हक, ऋषिराज शर्मा, खुमान सिंह, भंवर सिंह पवार ने पावर पाइंट के माध्यम से अधिकारियों को आवश्यक जानकारी दी। उन्होंने अधिकारियों को सामान्य एवं विशिष्ठ दिशा निर्देश, आवश्यक कानूनी प्रावधान, दण्ड प्रक्रिया संहिता, चुनाव में भ्रष्ट आचरण, निर्वाचन संबंधी संज्ञेय अपराधों की जानकारी दी। इस मौके पर उपस्थित अधिकारियो ने सुविधा केन्द्रों पर डाकमत पत्र से मतदान भी किया।