राजस्थान LIVE : रिकॉर्ड तोड़ बहुमत की ओर भाजपा
जयपुर। राजस्थान में सत्तारूढ़ कांग्रेस को बेहद करारी हार मिलती नज़र आ रही है, और भाजपा ने यहां जबरदस्त जीत हासिल की है। अब तक प्राप्त ...
अब तक प्राप्त परिणामों के अनुसार 111 सीटों पर भाजपा, 12 पर कांग्रेस, और 3 सीटों पर अन्य उम्मीदवारों ने जीत हासिल की है। इसके अलावा रुझानों के अनुसार 48 सीटों पर भाजपा, 11 पर कांग्रेस, 4 पर राजपा, 3 पर बसपा और 7 पर अन्य उम्मीदवार बढ़त बनाए हुए हैं।
ऐसे में अगर भाजपा की बढ़त वाली सीटें भी अगर जीत में बदल जाती है तो कुल 159 सीटों पर जीत हासिल करने का यह भाजपा के लिए रिकॉर्ड तोड़ बहुमत होगा। इससे पहले कांग्रेस ने गहलोत के नेतृत्व में 156 सीटों पर जीत हासिल कर बहुमत प्राप्त किया था।
जीत के रुझानों के बाद भाजपा कि मुख्यमंत्री पद की उम्मीदवार वसुंधरा राजे ने राज्य के वोटरों को धन्यवाद देते हुए कहा कि प्रदेश की जनता कांग्रेस कि नीतियों से त्रस्त आ चुकी है और यह कांग्रेस की नीतियों की हार है और प्रदेश की जनता का भाजपा में विश्वास है।
वहीँ दूसरी ओर अशोक गहलोत का कहना है कि भाजपा की ओर से राज्य सरकार की योजनाओं का कुप्रचार किए जाने के कारण मतगणना के रुझान कांग्रेस के खिलाफ आए हैं।
राजस्थान विधानसभा की 200 सीटों में से 199 के लिए 1 दिसंबर को मतदान हुआ था, और यहां कुल 2,087 प्रत्याशी मैदान में थे। चूरू निर्वाचन क्षेत्र में बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के उम्मीदवार का निधन हो जाने के कारण यहां चुनाव टाल दिया गया है, और अब वहां 13 दिसंबर को मतदान कराया जाएगा।