दुबई से आ रहा विमान बोइंग 737-800 रूस में गिरा, सभी यात्रियों की मौत
आधिकारिक तास समाचार एजेंसी ने स्थानीय मंत्रालय के एक प्रवक्ता के हवाले से कहा कि बोइंग 737-800 उतरते समय दुर्घटनाग्रस्त हो गया। विमान में 61 लोग थे। उन सभी की मौत हो गई है। अधिकारियों ने बताया कि विमान में 55 यात्री और चालक दल के छह सदस्य थे। आपातकाल मंत्रालय की एक आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार यह हादसा भारतीय समयानुसार सुबह 6 बजकर 20 मिनट पर हुआ।
बयान में कहा गया है, दुबई से रोस्तोव ऑन दॉन आ रहे बोइंग 737 विमान में (दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद) आग लग गई। उतरते समय रनवे से आगे निकल गया और आग के एक गोले में तब्दील हो गया। इसमें बताया गया है कि आग पर भारतीय समयानुसार सुबह साढ़े सात बजे काबू पाया गया। अमीरात की फ्लाईदुबई विमानन कंपनी ने कहा कि उसे उस ‘‘घटना’’ की जानकारी है जिसमें उसका एक विमान शामिल है, लेकिन उसने कोई और विस्तृत जानकारी नहीं दी।
कंपनी ने अपने फेसबुक पेज पर एक पोस्ट में कहा, हमें दुबई से रोस्तोव ऑन दॉन जा रही उड़ान संख्या एफजेड981 के एक घटना में शामिल होने की जानकारी है। हम विस्तृत ब्यौरों की जांच कर रहे हैं और अधिक जानकारी उपलब्ध होने पर इसे मुहैया कराएंगे। इससे पूर्व 16 मार्च को एक्वाडोर के एक सैन्य विमान के दुर्घटनाग्रस्त हो जाने से उसमें सवार सभी 22 लोगों की मौत हो गई थी। विमान दुर्घटनाग्रस्त होकर पेरू के साथ लगती सीमा के निकट पूर्वी पस्ताजा प्रांत में गिरा था।
गौरतलब है कि फ़्लाईदुबई सस्ती दरों पर हवाई यात्रा की सेवा देने वाली एयरलाइन्स है, जिसका मुख्यालय दुबई में स्थित है। 90 ठिकानों तक हवाई सेवाएं देने वाली इस एयरलाइन्स को साल 2009 में शुरू किया गया था।
Fly Dubai Boeing 737-800 South Russia Dubai rostov-on-don