सूचना केन्द्र में हुआ विकास प्रदर्शनी का शुभारम्भ

अजमेर। मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे की वर्तमान सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर अजमेर सूचना केन्द्र में आयोजित विकास प्रदर्शनी का शुभा...

अजमेर। मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे की वर्तमान सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर अजमेर सूचना केन्द्र में आयोजित विकास प्रदर्शनी का शुभारम्भ आज जिले के प्रभारी एवं शिक्षा राज्य मंत्री प्रो. वासुदेव देवनानी ने किया और इस प्रदर्शनी को विकास का दर्पण बताया।

प्रभारी मंत्री प्रो. देवनानी ने अजमेर महापौर धर्मेन्द्र गहलोत, जिला कलक्टर डाॅ. आरूषि मलिक सहित विभिन्न जनप्रतिनिधियों के साथ दीप प्रज्जवलित कर  ‘‘सच होते सपने पूरे होते वादे‘‘ विकास प्रदर्शनी का शुभारम्भ किया। उन्होंने लगभग एक घण्टे तक प्रदर्शनी का अवलोकन किया और मौजूद मीडियाकर्मियों से कहा कि मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे के मुख्यमंत्री के रूप में इस दूसरे कार्यकाल के दो वर्षों में राजस्थान में जहां तेजी से विकास हुआ है। वहीं अजमेर जिले में भी विकास की गंगा तेजी से बह रही है। अजमेर जिला प्रशासन ने पूरी मेहनत करके जिले के सभी ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में विकास कार्य कराने में पूरी मेहनत की है। उन्होंने इसके लिए जिला कलक्टर डाॅ. आरूषि मलिक सहित पूरी टीम को बधाई भी दी।

शिक्षा  राज्य मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री राजे के प्रयासों से आयोजित रिसर्जेन्ट राजस्थान में 33 हजार करोड़ से अधिक के एम.ओ.यू. विभिन्न क्षेत्रों में किए गए है। इससे यह साफ नजर आता है कि आने वाले वर्षो में राजस्थान कितना तेजी से आगे बढ़ेगा और यहां की युवा पीढ़ी को रोजगार उपलबध होगा।

प्रभारी मंत्री ने सूचना एवं जनसम्पर्क कार्यालय अजमेर द्वारा आयोजित इस विकास प्रदर्शनी को विकास का दर्पण बताते हुए कहा कि इस प्रदर्शनी में दर्शयी गई उपलब्धियों को जन -जन तक पहुंचाने का दायित्व सभी का है। उन्होंने आकर्षक प्रदर्शनी जो खुद विकास की गाथा प्रस्तुत कर रही है लगाने के लिए विभाग के संयुक्त निदेशक प्यारे मोहन त्रिपाठी एवं उनकी टीम को बधाई दी। इस प्रदर्शनी का शुभारम्भ राज्यपाल कल्याण सिंह व मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे के चित्रों के साथ हुआ। इसके पश्चात् रिसर्जेन्ट राजस्थान, सरकार आपके द्वार, मुख्यमंत्री की 22, 23 नवम्बर की पुष्कर यात्रा के अतिरिक्त प्रत्येक विभाग के विकास कार्यों को प्रदर्शित किया गया है।

प्रभारी मंत्री प्रो. वासुदेव देवनानी का सूचना केन्द्र पहुंचने पर जिला कलक्टर डाॅ. आरूषि मलिक ने पुष्पगुछ भेंट किया तथा संयुक्त निदेशक प्यारे मोहन त्रिपाठी ने माल्यार्पण किया। प्रभारी मंत्री प्रो. देवनानी, अजमेर महापौर धर्मेन्द्र गहलोत, अजमेर डेयरी अध्यक्ष रामचन्द्र चौधरी, भगवती प्रसाद सारस्वत, अरविंद यादव सहित विभिन्न जनप्रतिनिधियों ने दीप प्रज्जवलित कर विकास प्रदर्शनी का शुभारम्भ किया।

इस मौके पर जिला कलक्टर डाॅ. आरूषि मलिक, अतिरिक्त कलक्टर शहर  हरफूल सिंह यादव, जलदाय विभाग के अधीक्षण अभियंता, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला शिक्षा अधिकारी, उपनिदेशक सामाजिक अधिकारिता, उपनिदेशक कृषि सहित सभी विभागों के अधिकारी मौजूद थे।
इस लेख पर अपने विचार व्यक्त करें...

Related Posts

Rajasthan 7502720408442806220
item